नवी मुंबई नराकास की 43वीं छमाही बैठक उत्साहपूर्वक संपन्न
दिनांक 18 जून, 2026 को नवी मुंबई नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास-1) की 43वीं छमाही बैठक बैंक ऑफ इंडिया प्रबंधन विकास संस्थान, बेलापुर के सभागार में श्री संतोष कुमार झा, अध्यक्ष–नवी मुंबई नराकास तथा अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, कोंकण रेलवे की अध्यक्षता में उत्साहपूर्वक आयोजित की गई।
बैठक में गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग से श्री हरीश सिंह चौहान, उप निदेशक (कार्यान्वयन) एवं श्रीमती गार्गी गाडगिल, सहायक निदेशक (पश्चिम), बैंक ऑफ इंडिया प्रबंधन विकास संस्थान के प्राचार्य श्री मनीष कर राय सहित नवी मुंबई नराकास के सदस्य कार्यालयों के प्रमुख, राजभाषा अधिकारी, राजभाषा कर्मी तथा हिंदी प्रेमियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना, सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। बैठक की कार्यवाही प्रारंभ करते हुए नराकास के उप सचिव श्री सदानंद चितले ने विगत छमाही के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं, संगोष्ठियों तथा अन्य गतिविधियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
अपने संबोधन में श्रीमती गार्गी गाडगिल ने नवी मुंबई नराकास द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सराहना करते हुए सदस्य कार्यालयों द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने जिन कार्यालयों में कर्मचारियों का राजभाषा प्रशिक्षण अपेक्षित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर प्रशिक्षण कार्यक्रमों में नामांकित करने तथा अनुवाद एवं राजभाषा संबंधी विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
इसके पश्चात बैंक ऑफ इंडिया प्रबंधन विकास संस्थान के प्राचार्य श्री मनीष कर राय ने अपने संस्थान में नराकास की बैठक आयोजित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नराकास पदाधिकारियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि नवी मुंबई नराकास जैसी प्रतिष्ठित समिति का सदस्य होना गौरव का विषय है तथा भविष्य में भी हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
श्री हरीश सिंह चौहान, उप निदेशक (कार्यान्वयन), राजभाषा विभाग ने सभी सदस्य कार्यालयों द्वारा 100 प्रतिशत रिपोर्टें प्रस्तुत किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा इस उपलब्धि को निरंतर बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने जिन कार्यालयों ने अभी तक राजभाषा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना पंजीकरण नहीं कराया है, उन्हें शीघ्र पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही, 14 सितंबर, 2026 को नवी मुंबई में प्रस्तावित छठे अखिल भारतीय हिंदी सम्मेलन में सभी सदस्य कार्यालयों से सक्रिय सहभागिता एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री संतोष कुमार झा ने नवी मुंबई नराकास को राष्ट्रीय स्तर पर ‘प्रथम स्थान का राजभाषा सम्मान’ एवं ‘सर्वश्रेष्ठ नराकास सम्मान’ प्राप्त होने पर सभी सदस्य कार्यालयों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी सदस्य कार्यालयों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और सक्रिय सहभागिता का परिणाम है। उन्होंने 100 प्रतिशत रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा विविध राजभाषा गतिविधियों के सफल आयोजन के लिए सभी कार्यालयों की सराहना की और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को बधाई दी।
उन्होंने सदस्य कार्यालयों से अपील की कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और अधिक बढ़ावा दिया जाए तथा टिप्पण लेखन, पत्राचार एवं अन्य प्रशासनिक कार्य अधिकाधिक हिंदी में किए जाएं। इसके अतिरिक्त उन्होंने राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार हेतु एकल अभिनय, कवि सम्मेलन, कथा वाचन, काव्य पाठ एवं अन्य रोचक कार्यक्रमों के आयोजन पर भी बल दिया। श्रीमती गार्गी गाडगिल के विदाई के अवसर पर श्री झा ने उनके भावी जीवन के लिए शुभकामना प्रेषित करते हुए एक स्वरचित कविता भी पढ़ी।
बैठक के उपरांत सुप्रसिद्ध रंगकर्मी श्री सलीम शाह ने अपने प्रभावशाली एकल अभिनय के माध्यम से भीष्म साहनी की प्रसिद्ध कहानी ‘चीफ़ की दावत’ का नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत किया। उनके उत्कृष्ट अभिनय ने उपस्थित सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम को उपस्थित जनों ने अत्यंत सराहा तथा श्री शाह ने भी प्रबुद्ध दर्शकों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मान्यवरों के कर-कमलों द्वारा ‘समन्वय’ पत्रिका के 39वें अंक, बीपीसीएल की गृह पत्रिका ‘पश्चिम वार्ता’ तथा डॉ. गणेश कालघुगे द्वारा लिखित 'राजभाषा हिंदी : वस्तुनिष्ठ प्रश्नोत्तरी'. पुस्तक का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन श्री सदानंद चितले, सहायक उप महाप्रबंधक (राजभाषा) द्वारा किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में कोंकण रेलवे की राजभाषा टीम ने उल्लेखनीय योगदान प्रदान किया।