कोंकण रेलवे द्वारा रत्नागिरी में क्षेत्रीय लॉजिस्टिक्स एवं कंटेनर यातायात को बढ़ावा देने हेतु व्यापार सम्मेलन का आयोजन
कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड (केआरसीएल) ने दिनांक 03.06.2026 को रत्नागिरी में क्षेत्रीय लॉजिस्टिक्स को सुदृढ़ बनाने तथा ग्राहकों के साथ सहभागिता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत एक उच्चस्तरीय व्यापार सम्मेलन (ट्रेड मीट) का आयोजन किया। यह कार्यक्रम प्रतिष्ठित माल ग्राहकों के साथ संवाद स्थापित करने तथा कोंकण रेलवे नेटवर्क पर हाल ही में उन्नत की गई एवं आगामी माल ढुलाई अवसंरचना संबंधी सुविधाओं की जानकारी साझा करने के लिए एक सहयोगात्मक मंच के रूप में आयोजित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता श्री सन्तोष कुमार झा, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, कोंकण रेलवे द्वारा की गई। इस अवसर पर कोंकण रेलवे के निदेशक (रेलपथ एवं कार्य), मुख्य परिचालन प्रबंधक, क्षेत्रीय रेल प्रबंधक/रत्नागिरी, क्षेत्रीय रेल प्रबंधक/कारवार तथा केंद्रीय भंडारण निगम (सीडब्ल्यूसी) के उप महाप्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
विचार-विमर्श के दौरान रत्नागिरी क्षेत्र से मुंबई स्थित जवाहरलाल नेहरू पत्तन प्राधिकरण (जेएनपीए) तक कंटेनर यातायात की व्यापक संभावनाओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इस आर्थिक अवसर का लाभ उठाने के उद्देश्य से कोंकण रेलवे ने सभी हितधारकों से अपने प्रयासों को एक साझा लक्ष्य की दिशा में समन्वित करने का आह्वान किया। यह लक्ष्य जुलाई, 2026 के प्रथम सप्ताह तक रेल कंटेनर यातायात का शुभारंभ करना है।
केंद्रीय भंडारण निगम (सीडब्ल्यूसी) ने व्यापारिक साझेदारों को लिए व्यावसायिक व्यवहार्यता सुनिश्चित करने एवं कार्यों के शीघ्र निष्पादन हेतु अत्यंत प्रतिस्पर्धी टैरिफ दरें उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
बैठक में रत्नागिरी क्षेत्र से उर्वरक, खाद्यान्न तथा अन्य आवश्यक थोक वस्तुओं के आवागमन से जुड़े प्रमुख व्यापारिक साझेदारों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। इसके अतिरिक्त, जयगढ़ पोर्ट एवं आंग्रे पोर्ट के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की सक्रिय उपस्थिति ने भविष्य में माल परिवहन के लिए समुद्री एवं रेल परिवहन के बीच सुदृढ़ समन्वय एवं सहयोग की संभावनाओं को भी रेखांकित किया।
कोंकण रेलवे ने हाल में किए गए क्षमता संवर्द्धन कार्यों तथा प्रस्तावित माल टर्मिनलों का उल्लेख करते हुए बताया कि इनके माध्यम से तेज़, अधिक विश्वसनीय एवं किफायती लॉजिस्टिक्स समाधान उपलब्ध कराए जाएंगे।
यह संवाद व्यापारिक हितधारकों के साथ सहभागिता के माध्यम से विकास को प्रोत्साहित करने के प्रति कोंकण रेलवे की प्रतिबद्धता का परिचायक है। अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण तथा केंद्रीय भंडारण निगम (सीडब्ल्यूसी) एवं क्षेत्रीय बंदरगाहों के साथ घनिष्ठ समन्वय के माध्यम से कोंकण रेलवे एकीकृत, दक्ष एवं सुदृढ़ लॉजिस्टिक्स नेटवर्क विकसित कर रहा है। जुलाई तक रत्नागिरी से जेएनपीटी के लिए कंटेनर यातायात का परिचालन प्रारंभ करने की दिशा में सभी संबंधित हितधारक समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। इससे क्षेत्रीय आपूर्ति तंत्र को अधिक सुव्यवस्थित एवं सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।
कोंकण रेलवे ने सभी हितधारकों के सहयोग एवं सुझावों की सराहना करते हुए इस पहल की सफलता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर सहयोग बनाए रखने पर बल दिया।