कोंकण रेलवे आरपीएफ ने ₹50 लाख मूल्य के चोरी हुए आभूषण बरामद

कोंकण रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) ने आभूषण चोरी के मामले में शामिल चार व्यक्तियों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया और लगभग ₹50 लाख मूल्य के चोरी हुए सोने के आभूषणों के साथ ₹34,500/- नकद बरामद किए। आरपीएफ द्वारा समय पर समन्वय और सतर्क कार्रवाई के कारण इस मामले का त्वरित पता लगाने में सफलता मिली।

दिनांक 14/11/2025 को कोंकण रेलवे को एक सूचना मिली कि एक बड़े आभूषण चोरी मामले में शामिल संदिग्ध व्यक्ति मडगांव की ओर यात्रा कर रहे हैं। श्री अरुल ज्योति, महानिरीक्षक सह प्रधान सुरक्षा आयुक्त/ दक्षिण रेलवे ने श्री अभिषेक कुमार, महानिरीक्षक सह मुख्य सुरक्षा आयुक्त/कोंकण रेलवे और श्री जुबैर खान पठान, सहायक सुरक्षा आयुक्त/सी एंड आई/ मुख्यालय, जो वर्तमान में मडगांव में थे, को सूचित किया कि 4-5 संदिग्ध व्यक्ति गाड़ी सं.12620 – मत्स्यगंधा एक्सप्रेस में सुरतकल से सवार हुए हैं। संदिग्धों की फ़ोटोग्राफ़ और सीसीटीवी फुटेज भी साझा की गई।

तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया और उन्हें आगे और पीछे के जनरल डिब्बों में कुछ टीटीई यूनिफ़ॉर्म में, कुछ भिखारी के वेश में और कुछ सामान्य यात्रियों के रूप में रणनीतिक रूप से तैनात किया गया।

गाड़ी सं.12620 के मडगांव रेलवे स्टेशन (प्लैटफॉर्म सं.1) पर आगमन पर, टीम ने सफलतापूर्वक सभी चार संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया। मडगांव आरपीएफ पोस्ट में बाद की पूछताछ के दौरान निम्नलिखित वस्तुएं बरामद की गईं:

● लगभग ₹50 लाख मूल्य के सोने के आभूषण

● कुल ₹34,500/- नकद

● दो पॉकेट कटर

● चार मोबाइल फोन

 

सभी चार गिरफ्तार व्यक्तियों को बरामद चोरी की संपत्ति के साथ दिनांक 15/11/2025 को आगे की जांच के लिए रेल सुरक्षा बल/मंगलूरू, दक्षिण रेलवे को सौंप दिया गया।

यह सफल ऑपरेशन कोंकण रेलवे के यात्रियों की सुरक्षा और सुरक्षित रेल परिवेश सुनिश्चित करने की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनकी सतर्कता और समर्पण यात्रियों में सिस्टम के प्रति भरोसा बनाए रखने और उसे लगातार मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।     

सुनील बी नारकर
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी