कोंकण रेलवे द्वारा यात्री संरक्षा सुनिश्चित करते हुए गाड़ियों की समयपालनता पर विशेष ध्यान
कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड यात्रियों की संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने मनमोहक किन्तु चुनौतीपूर्ण पश्चिम तटीय रेलमार्ग पर गाड़ियों की समयपालनता बनाए रखने हेतु सतत प्रयासरत है। सिंगल रेल लाइन प्रणाली पर उच्च लाइन क्षमता उपयोग के साथ इस मार्ग पर गाड़ियों का सुचारु रुप से संचालन सुनिश्चित करने हेतु अत्यंत सावधानीपूर्वक संचालन प्रबंधन की आवश्यकता होती है।
कोंकण रेलवे का मार्ग जटिल भौगोलिक क्षेत्रों से होकर गुजरता है तथा कई सेक्शन में भारी वर्षा की संभावना रहती है। आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संचालन की संरक्षा एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न निवारक उपायों के साथ-साथ मानसून-पूर्व ट्रैक निरीक्षण कार्य व्यापक स्तर पर किया जा रहा है।
क्रियान्वित बुनियादी संरचना उन्नयन कार्यों के अंतर्गत विभिन्न आवश्यक इंजीनियरिंग कार्य किए जा रहे हैं, इनमें कटिंग लोअरिंग, बीएलटी मरम्मत, ट्रैक लिफ्टिंग, डीप स्क्रीनिंग, थ्रू ट्रैक नवीनीकरण, पीक्यूआरएस अनुरक्षण आदि कार्य शामिल हैं। ये कार्य पटरियों की संरचनात्मक मजबूती बनाए रखने तथा यात्रियों की संरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
इन कार्यों को संरक्षित रूप से संपन्न करने हेतु कुछ सेक्शनों पर गाड़ियों की गति अस्थायी रूप से कम की गई है तथा समय-समय पर लिए जाने वाले ब्लॉकों के कारण गाड़ी परिचालन में मामूली विलंब एवं ठहराव हो सकता है। यात्रियों को सूचित किया जाता है कि ये उपाय अस्थायी हैं तथा दीर्घकालीन परिचालन विश्वसनीयता के लिए आवश्यक हैं। अधिकांश मानसून-पूर्व एवं रख-रखाव कार्य मई माह के अंत तक पूर्ण होने की संभावना है, जिसके पश्चात गाड़ियों की समयपालनता में उल्लेखनीय सुधार अपेक्षित है।
कोंकण रेलवे द्वारा गाड़ी परिचालन के प्रभावी प्रबंधन हेतु सुदृढ़ निगरानी प्रणाली एवं समन्वय तंत्र अपनाया गया है। अनुकूलित समय-सारणी तथा सतत निगरानी के माध्यम से अत्यधिक यातायात वाले एकल लाइन मार्ग पर भी विलंब को कम करने का प्रयास किया जाता है।
यात्रियों को स्टेशन उद्घोषणाओं, इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले, रेलवे की आधिकारिक वेबसाइटों तथा अधिकृत मोबाइल अनुप्रयोगों के माध्यम से गाड़ियों की समय-सारणी संबंधी नियमित जानकारी उपलब्ध कराई जाती है, जिससे यात्री अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकें।
कोंकण रेलवे संरक्षित, आरामदायक एवं विश्वसनीय यात्रा सुविधा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। परिचालन दक्षता के साथ-साथ कॉर्पोरेशन द्वारा यात्री सुविधाओं एवं सेवाओं में निरंतर सुधार किया जा रहा है, जिससे यात्रियों की सुविधा एवं संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा सके। कोंकण रेलवे यात्री संरक्षा से किसी प्रकार का समझौता किए बिना परिचालन दक्षता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।