उत्तर कन्नड़ जिले में यात्री सुविधाओं से संबंधित अवसंरचना विकास कार्यों का लोकार्पण एवं गाड़ी सं. 12790/12789 काचीगुडा–मुर्डेश्वर–काचीगुडा द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस के कुमटा स्टेशन तक विस्तारित परिचालन का शुभारंभ
माननीय प्रधानमंत्री द्वारा परिकल्पित 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य की प्राप्ति में रेल संपर्क को सुदृढ़ करना तथा यात्री सुविधाओं का विस्तार प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। माननीय रेल मंत्री के मार्गदर्शन में कोंकण रेलवे अपने रेल नेटवर्क पर क्षेत्रीय संपर्क को सुदृढ़ बनाने और यात्रियों की सुविधाओं में निरंतर वृद्धि करने के लिए सतत प्रयासरत है।
दिनांक 20/06/2026 को उत्तर कन्नड़ के माननीय सांसद श्री विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी द्वारा कुमटा स्टेशन पर आयोजित समारोह में कुमटा, गोकर्ण, मुर्डेश्वर तथा भटकल स्टेशनों पर नव विकसित यात्री सुविधाओं का लोकार्पण किया तथा गाड़ी सं. 12790/12789 काचीगुडा–मुर्डेश्वर–काचीगुडा द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस के कुमटा स्टेशन तक विस्तारित परिचालन का शुभारंभ किया गया।
यह कार्यक्रम कुमटा के माननीय विधायक श्री दिनकर के. शेट्टी, कोंकण रेलवे के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री सन्तोष कुमार झा तथा श्रीमती आशा शेट्टी, क्षेत्रीय रेल प्रबंधक/कारवार/कोंकण रेलवे की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, कोंकण रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, रेलवे कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आम जनता भी उपस्थित थी।
कार्यक्रम के दौरान लोकार्पित यात्री सुविधा संबंधी कार्यों में कुमटा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 का रेल स्तर से उच्च स्तरीय प्लेटफॉर्म में उन्नयन, गोकर्ण रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 का मध्यम स्तर से उच्च स्तरीय प्लेटफॉर्म में उन्नयन, मुर्डेश्वर स्टेशन पर नवीन जैव-शौचालय सुविधा का निर्माण तथा भटकल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 का विस्तार शामिल है। इन अवसंरचनात्मक सुधार कार्यों को यात्रियों के आराम, सुगम पहुंच, स्वच्छता तथा समग्र यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से क्रियान्वित किया गया है, जिससे क्षेत्र में यात्रियों को अधिक सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
इन उन्नत सुविधाओं से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा कोंकण रेलवे मार्ग पर स्टेशन अवसंरचना को सुदृढ़ करने और सेवा गुणवत्ता में वृद्धि करने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
गाड़ी सं.12790/12789 काचीगुडा–मुर्डेश्वर–काचीगुडा द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस का कुमटा तक विस्तार किए जाने से कर्नाटक और तेलंगाना के बीच रेल संपर्क को उल्लेखनीय रूप से सुदृढ़ता मिलेगी। इस विस्तारित सेवा के माध्यम से कुमटा तथा आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को प्रमुख शहरों के लिए सीधी रेल संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों, विद्यार्थियों, पर्यटकों, व्यावसायिक यात्रियों तथा स्थानीय नागरिकों की यात्रा अधिक सुगम एवं सुविधाजनक होगी। इस पहल से क्षेत्रीय आवागमन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों तथा पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।
सभा को संबोधित करते हुएउत्तर कन्नड़ के माननीय सांसद श्री विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी द्वारा यात्रियों के हित में रेल अवसंरचना के निरंतर विकास तथा रेल सेवाओं के विस्तार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने उत्तर कन्नड़ क्षेत्र में यात्री सुविधाओं के उन्नयन तथा रेल संपर्क को सुदृढ़ बनाने के लिए कोंकण रेलवे द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कोंकण रेलवे के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री सन्तोष कुमार झा जी ने भारतीय रेल के लक्ष्य के अनुरूप यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण, परिचालन दक्षता में सुधार तथा कोंकण क्षेत्र में रेल संपर्क को और अधिक सुदृढ़ बनाने के प्रति कोंकण रेलवे की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया है।
कोंकण रेलवे अपने मार्ग पर सुरक्षित, कुशल एवं विश्वसनीय रेल सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ यात्री सुविधाओं के उन्नयन तथा रेल संपर्क को निरंतर सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।