कोंकण रेलवे ने मनाया 32वां स्थापना दिवस
कोंकण रेलवे ने राष्ट्र की सेवा में 32 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी की है।32वें स्थापना दिवस के अवसर पर कोंकण रेल विहार, नेरुल-नवी मुंबई में एक समारोह का आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए कोंकण रेलवे के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री. संजय गुप्ता जी ने संगठन की प्रगति की दिशा में ईमानदारी से कार्य करने के लिए सभी कर्मचारियों की सराहना की और उनसे उसी भावना के साथ काम करना जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने कोंकण रेलवे की विभिन्न उपलब्धियों के बारे में भी जानकारी दी।
12-18 महीनों के दौरान कोंकण रेलवे की कुछ उल्लेखनीय उपलब्धियां निम्नानुसार सूचीबद्ध हैं:
-
रोहा-वीर सेक्शन के ट्रैक दोहरीकरण का कार्य अगस्त,2021 में पूरा किया गया ।
-
10 नए स्टेशनों में से अंतिम स्टेशन मार्च, 2022 में परिचालित किया गया।
-
मार्च, 2022 में कोंकण रेलवे मार्ग का 100% विद्युतीकरण कार्य पूरा किया गया। माननीय प्रधान मंत्री ने 20 जून, 2022 को कोंकण रेलवे मार्ग का 100% विद्युतीकरण राष्ट्र को समर्पित किया।
-
माननीय प्रधान मंत्री ने अप्रैल, 2022 में जयनगर (बिहार-भारत) से कुर्था (नेपाल) के बीच नई बीजी रेल लाइन की डेमू सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई, जिसका परिचालन और अनुरक्षण कोंकण रेलवे द्वारा किया जा रहा है।
-
कोंकण रेलवे ने जम्मू और कश्मीर में विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल के निर्माण में एक और उपलब्धि हासिल की, जब 13 अगस्त, 2022 को प्रतिष्ठित चिनाब रेलवे पुल के ओवर आर्च डेक को गोल्डन जॉइंट के साथ पूरा किया गया।
अपने कर्मचारियों के योगदान के बिना संगठन की प्रगति और विकास हासिल नहीं किया जा सकता। समारोह के दौरान कोंकण रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कार और प्रशस्ति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कोंकण रेलवे हमेशा संरक्षा सर्वप्रथम का अनुसरण करती है।कोंकण रेलवे हमेशा अपने मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को एक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा प्रदान करने का प्रयास करता है।