गाड़ी सं.12619 मत्स्यगंधा एक्सप्रेस में टिकट जांच कर्मचारी की सतर्कता से लापता बालक की सुरक्षा सुनिश्चित
कोंकण रेलवे ने एक बार फिर सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से यात्री सुरक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी मजबूत प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है।
दिनांक 20/11/2025 को श्री प्रदीप ज़ेड. शिर्के, हेड टिकट एग्ज़ामिनर ने रिपोर्ट किया कि गाड़ी सं.12619 – मत्स्यगंधा एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में एक 14 वर्षीय बालक बिना टिकट यात्रा करते हुए पाया गया। नियमित जांच के दौरान, श्री शिर्के ने पाया कि वह बच्चा स्कूल यूनिफॉर्म में स्कूल बैग के साथ अकेले यात्रा कर रहा था। उससे बातचीत करने पर पता चला कि वह बच्चा घर से भागा हुआ है। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत वाणिज्य नियंत्रण कक्ष को सूचित किया और रत्नागिरी स्टेशन पर आरपीएफ सहायता का अनुरोध किया।
त्वरित कार्रवाई करते हुए रत्नागिरी में आरपीएफ टीम ने मामले में हस्तक्षेप किया और बच्चे को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर आगे की प्रक्रिया हेतु आवश्यक कदम उठाए। बाद में यह जानकारी मिली कि वह बच्चा वास्को स्थित अपने विद्यालय से लापता था और उसके माता-पिता ने उसे खोजने में सहयोग के लिए उसकी जानकारी व्यापक रूप से प्रसारित की थी।
फ्रंटलाइन टिकट जांच स्टाफ की सतर्कता, चौकसी और समय पर की गई कार्रवाई तथा वाणिज्य नियंत्रण कक्ष और आरपीएफ के समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप लापता बच्चे को सुरक्षित रूप से उसके माता-पिता से मिलाया जा सका।