कोंकण रेलवे “रेल मंत्री राजभाषा रनिंग ट्रॉफी” से सम्मानित

राजभाषा हिन्दी के प्रयोग-प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘क’, ‘ख’ और ‘ग’ क्षेत्रों  में स्थित रेल मुख्यालयों/ उत्पादन इकाइयों/ मंडलों/स्टेशनों/ कारखानों/ उपक्रमों तथा केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थानों आदि को राजभाषा के उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रति वर्ष "रेल मंत्री राजभाषा रनिंग ट्रॉफी" पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है।

वर्ष-2024 के दौरान कोंकण रेलवे ने राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन, नवाचारपूर्ण पहलों और सतत् प्रोत्साहनात्मक प्रयासों के बल पर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की। रेल मंत्रालय के उपक्रमों के श्रेणी के अंतर्गत राजभाषा कार्यान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने के फलस्वरूप दिनांक 26/12/2025 को रेल भवन स्थित कॉन्फ़्रेंस हॉल में आयोजित समारोह श्री सतीश कुमार, अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, रेलवे बोर्ड द्वारा कोंकण रेलवे को "रेल मंत्री राजभाषा रनिंग ट्रॉफी" पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

उक्त प्रतिष्ठित पुरस्कार कोंकण रेलवे की ओर से श्री सन्तोष कुमार झा, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा श्री सत्येंद्र कुमार शुक्ला, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं कार्यकारी निदेशक (व्यवसाय एवं परिचालन) ने ग्रहण किया।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक महोदय ने गौरवपूर्वक कहा कि कोंकण रेलवे राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार और प्रभावी कार्यान्वयन के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

Sunil B. Narkar
Chief Public Relations Officer