कोंकण रेलवे मार्ग पर दीपावली / छठ पूजा की तैयारियां
कोंकण रेलवे सभी यात्रियों एवं उनके परिवारजनों को दीपावली और छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करती है। प्रकाश, आस्था और एकता के प्रतीक ये पर्व उन लाखों यात्रियों के लिए विशेष महत्व रखते हैं, जो अपने प्रियजनों के साथ त्योहार मनाने के लिए घर की ओर यात्रा करते हैं।
त्योहार के दौरान यात्रा की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए 64 विशेष गाड़ियां लोकमान्य तिलक टर्मिनस, हुबली, बेंगलुरु, यशवंतपुर, पनवेल, तिरुवनंतपुरम, सावंतवाड़ी, मडगांव और चिपलूण से जोड़ने वाले मार्गों पर चलाई जा रही हैं।
इसके अतिरिक्त, 55 विशेष गाड़ियां पहले से ही मुजफ्फरपुर, जबलपुर, नागपुर, उधना और वास्को-द-गामा, कोयम्बत्तूर, मडगांव तथा मंगलुरु जैसे गंतव्यों के बीच विभिन्न मार्गों पर संचालित की जा रही हैं।
रेलवे, जो राष्ट्र की जीवनरेखा है, इस त्योहार के दौरान लोगों को आपस में जोड़ते हुए न केवल दूरियाँ घटा रही है, बल्कि परिवारों और समुदायों को एक-दूसरे के और करीब ला रही है।
यात्रियों की सुविधा और सुचारू संचार सुनिश्चित करने के लिए स्टेशनों पर नियमित घोषणाएँ और यात्री संबंधी अपडेट प्रदान किए जा रहे हैं।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए रत्नागिरी सेक्शन में 65 जीआरपी कर्मियों की एक विशेष टीम तैनात की गई है, वहीं कारवार क्षेत्र में आरपीएफ कर्मी यात्रियों की सुरक्षा और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने हेतु लगातार सतर्क निगरानी रख रहे हैं।
कोंकण रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी स्टेशन संचालन और त्योहार के दौरान व्यवस्थाओं की सक्रिय रूप से निगरानी कर रहे हैं। वे व्यक्तिगत रूप से सुविधाओं का निरीक्षण, भीड़ प्रबंधन और यात्री सेवाओं की समीक्षा कर रहे हैं तथा यात्रियों से संवाद कर उनके सुझाव प्राप्त कर रहे हैं, जिससे त्योहार के दौरान संरक्षा, सुविधा और समग्र तैयारियों के उच्च मानक सुनिश्चित किए जा सकें।
अधिकृत यात्रियों की सुरक्षित और सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के लिए टिकट जांच कर्मचारी चौबीसों घंटे कार्यरत हैं। त्योहार के दौरान भीड़ का प्रभावी रूप से प्रबंधन करने हेतु बड़े स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट बुकिंग काउंटर खोले गए हैं।
जैसे दीपावली के दीप घर-घर को आलोकित करते हैं और छठ पूजा की आस्था वातावरण को पवित्र बनाती है, वैसे ही कोंकण रेलवे इस त्योहार के दौरान हर यात्री की यात्रा का हिस्सा बनकर दिलों, घरों और उम्मीदों को जोड़ने पर गर्व महसूस करती है।