कोंकण रेलवे पर आरपीएफ के सक्रिय अभियानों से यात्रियों की संरक्षा और सुरक्षा सुदृढ़
कोंकण रेलवे का रेल सुरक्षा बल निरंतर सतर्कता, त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई तथा जन-केंद्रित पहलों के माध्यम से यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
रेलवे सुरक्षा बल ने अपने लक्षित एवं परिणामोन्मुख अभियानों के माध्यम से यात्री सुरक्षा, अपराध निवारण तथा मानवीय सहायता के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। ‘ऑपरेशन अमानत’ के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल ने 47 यात्रियों की छूटी हुई सामग्री, जिसका अनुमानित मूल्य ₹27.93 लाख है, सफलतापूर्वक खोजकर उन्हें लौटाई, जिससे रेलवे सुरक्षा प्रणाली में जनविश्वास और सुदृढ़ हुआ।
पिछले कैलेंडर वर्ष के दौरान, ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल ने 252 यात्रियों की यात्रा के दौरान छूट गई सामग्री, जिसकी कुल अनुमानित कीमत ₹122.48 लाख है, सफलतापूर्वक तलाश कर संबंधित यात्रियों को वापस सौंपी। इससे रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।
बाल सुरक्षा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करते हुए रेलवे सुरक्षा बल ने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के अंतर्गत 42 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बचाया तथा उन्हें देखभाल और पुनर्वास हेतु चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द किया, जिससे संभावित शोषण की आशंका को टाला जा सका और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए गए सघन अभियान के तहत ‘ऑपरेशन सतर्क’ के अंतर्गत रेल सुरक्षा बल ने ₹5.31 लाख मूल्य की 3,146 अवैध शराब की बोतलें जब्त कीं तथा 38 तस्करों को गिरफ्तार किया, जिससे रेलवे परिसरों में अवैध व्यापार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सका।
रेल सुरक्षा बल ने कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के सतत प्रयासों के तहत एसीपी श्रेणी के अंतर्गत 142 मामलों का पता लगाकर कार्रवाई की, इसके परिणामस्वरूप रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत 142 अपराधियों की गिरफ्तारी एवं विधिक कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त, अपने जीवन-रक्षक दायित्व को और सुदृढ़ करते हुए आरपीएफ कर्मियों ने ‘जीवन रक्षा’ पहल के अंतर्गत समय पर कार्रवाई कर 03 यात्रियों को सुरक्षित बचाया।
रेलवे सुरक्षा बल ने निरंतर सतर्कता के माध्यम से यात्री सामान चोरी में शामिल 09 अपराधियों को गिरफ्तार किया तथा ₹67.88 लाख मूल्य का चोरी किया गया सामान बरामद किया, जिससे यात्रियों के विश्वास और सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया गया।
कोंकण रेलवे पर सुरक्षित, संरक्षित तथा यात्री-अनुकूल यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने की दिशा में ये उपलब्धियाँ यात्रियों एवं रेलवे परिसंपत्तियों की सुरक्षा के प्रति रेलवे सुरक्षा बल की अटूट प्रतिबद्धता और निरंतर सतर्कता को प्रभावी रूप से प्रतिबिंबित करती हैं।