कोंकण रेलवे मार्ग पर मानसून-पूर्व वार्षिक निरीक्षण

 

कोंकण क्षेत्र में मानसून का मौसम जहां एक ओर प्राकृतिक सौंदर्य लेकर आता है, वहीं दूसरी ओर संचालन की दृष्टि से कई चुनौतियां भी लाता है। तीव्र ढलान, कटिंग तथा भारी वर्षा से युक्त इस मार्ग पर निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए सूक्ष्म योजना, सतत निगरानी एवं सुदृढ़ निवारक उपायों की आवश्यकता होती है। इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए, आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व तैयारी की समीक्षा तथा बुनियादी संरचना एवं सुंरक्षा प्रणालियों की तत्परता का आकलन करने के उद्देश्य से कोंकण रेलवे मार्ग पर वार्षिक प्री-मानसून निरीक्षण संपन्न किया गया।

कोंकण रेलवे क्षेत्र का निरीक्षण श्री सन्तोष कुमार झा, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक/कोंकण रेलवे द्वारा किया गया। उनके साथ विभिन्न विभागों के निदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान मानसून अवधि में संरक्षित एवं विश्वसनीय रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील स्थलों, प्रगति पर चल रहे रख-रखाव कार्यों तथा संरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। 

दिनांक 10 मार्च 2026 को मडगांव से ठोकुर के बीच के सेक्शन का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात दिनांक 11 मार्च 2026 को मडगांव से रोहा सेक्शन का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मार्ग के ट्रैक, पुलों, सुरंगों, कटिंगों, ढलानों, सिग्नलिंग प्रणाली, संभावित स्थानों पर जलभराव, स्टेशन पर बुनियादी संरचना तथा सौर प्रकाश व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया गया। मानसून ऋतु से पूर्व रेलवे नेटवर्क पर पूर्ण तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील स्थानों, प्रगति पर चल रहे रख-रखाव कार्यों एवं संरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। 

इसके अतिरिक्त, इस निरीक्षण ने वर्षा ऋतु के दौरान संरक्षित एवं विश्वसनीय रेल परिचालन बनाए रखने हेतु अपनाए जा रहे निवारक उपायों का स्थल पर आकलन करने का अवसर भी प्रदान किया। इस प्रकार के वार्षिक निरीक्षण कोंकण रेलवे के सक्रिय दृष्टिकोण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिनका उद्देश्य संरक्षा उपायों को सुदृढ़ करना तथा पूरे नेटवर्क में मानसून की तैयारियां सुनिश्चित करना हैजो दुर्गम भू-भाग एवं अत्यधिक वर्षा वाले क्षेत्रों से होकर गुजरता है।

सुनील बी. नारकर
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी