गाड़ी सं.12052 में अनधिकृत विक्रेता के विरुद्ध कोंकण रेलवे की त्वरित एवं कठोर कार्रवाई
कोंकण रेलवे ने यात्रियों सुविधा संबंधी स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता एवं संरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करते हुए दिनांक 31.05.2026 को गाड़ी सं.12052 मडगांव जं. – मुंबई सीएसएमटी जनशताब्दी एक्सप्रेस में खराब फल बेचते हुए पाए गए एक अनधिकृत विक्रेता (टाउट) के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की।
गाड़ी में एक व्यक्ति को खराब फल बेचते हुए पकड़ा गया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वह बिना किसी वैध प्राधिकरण अथवा पहचान-पत्र के अनधिकृत रूप से विक्रय कार्य कर रहा था। निर्धारित नियमों के अनुसार उसके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए अनधिकृत विक्रय के लिए जुर्माना लगाया गया। इसके उपरांत आवश्यक विधिक कार्रवाई हेतु उसे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), रत्नागिरी को सौंप दिया गया।
कोंकण रेलवे गाड़ियों में स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता तथा यात्री सेवा के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने, निर्धारित दरों के अनुपालन की निगरानी करने तथा अनधिकृत विक्रय एवं अन्य अनियमित गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से संपूर्ण कोंकण रेलवे पर नियमित निरीक्षण, टिकट जांच अभियान तथा सतर्कता संबंधी उपाय निरंतर किए जाते हैं।
कोंकण रेलवे द्वारा यात्रियों से अनुरोध किया जाता है कि वे अनधिकृत विक्रय या किसी भी प्रकार की संदिग्ध एवं अनियमित गतिविधि की जानकारी तत्काल रेलवे अधिकारियों को दें, जिससे समय रहते त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।